जबलपुर: राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर जबलपुर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रानीताल से पैदल मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
भाजपा कार्यालय के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। पुलिस के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चंदा मामले पर भाजपा के जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
