खंडवा: श्रावण मास में ओंकारेश्वर पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए खंडवा पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। खंडवा-ओंकारेश्वर, हरसूद-मुंदी-ओंकारेश्वर, पिपलोद-खंडवा-ओंकारेश्वर तथा बुरहानपुर-पंधाना-छैगांवमाखन-ओंकारेश्वर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
डीएसपी यातायात अनिल कुमार राय ने एनएचएआई की टीम एवं संबंधित थाना प्रभारियों के साथ सभी प्रमुख मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।पुलिस ने कांवड़ यात्रा संचालकों तथा होटल-ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
संवेदनशील स्थानों पर स्थायी पुलिस प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जबकि दोपहिया और चारपहिया पेट्रोलिंग वाहनों की लगातार गश्त रहेगी। प्रत्येक कांवड़ यात्रा के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षा कार्ड भी वितरित किए जा रहे हैं।यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय के लिए वायरलेस संचार प्रणाली सक्रिय कर दी गई है।
मार्ग में होटल एवं ढाबों पर जागरूकता संबंधी फ्लेक्स-बैनर लगाए गए हैं। प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों का डायवर्जन भी किया गया है।पुलिस एवं प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
