
सीधी।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी रणविजय सिंह के मुख्य आतिथ्य, जिला कांग्रेस के प्रभारी दिलीप मिश्रा की विशेष उपस्थिति तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अध्यक्षता और विधानसभा प्रभारी चुरहट शिवप्रसाद प्रधान एवं धौहनी विधानसभा प्रभारी अशोक पैगाम की उपस्थित में शनिवार को जवाहर कांग्रेस भवन सीधी में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में धौहनी, सिहावल, चुरहट एवं सीधी विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्यों की अलग-अलग समीक्षा की गई। पिछले सात माह में बूथ, मंडल एवं ब्लॉक स्तर पर किए गए संगठनात्मक कार्यों, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी विधानसभा प्रभारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि रणविजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही बनती है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बूथ तक कांग्रेस की सक्रिय और मजबूत इकाई तैयार करना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जनता के बीच लगातार रहने, उनकी समस्याओं को उठाने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय की चुनौतियों का सामना मजबूत संगठन और अनुशासित कार्यकर्ताओं के बल पर ही किया जा सकता है।
जिला प्रभारी दिलीप मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी विधानसभा प्रभारियों से बूथ स्तर तक समन्वय बढ़ाने और संगठन को और प्रभावी बनाने का आग्रह किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि सीधी जिले में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत लगातार संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले में कांग्रेस का संगठन बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
बैठक में विधानसभा प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष,एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
