
दमोह। पुलिस कण्ट्रोल रूम दमोह में शुक्रवार को उपनिरीक्षक उत्तमचंद वंशपाल व प्रधान आरक्षक लखन पटेल के 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सम्मान और विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया,रक्षित निरीक्षक अभिनय साहू, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ पुष्पगुच्छ व शॉल-श्रीफल भेंट कर दोनों अधिकारियों के सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्मृति चिन्ह व कलाई घड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है, जो विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा काल में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद अब परिवार के साथ समय बिताने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों को स्वस्थ व आनंदमय जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा उनके सुखद व सफल जीवन की मंगलकामनाओं के साथ किया गया।
