सतना: जिला चिकित्सालय के सभागार में गुरुवार को “राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम’ के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें यह जानकारी साझा की गई कि जिले के चयनित प्राथमिक स्वास्थ केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सिविल अस्पतालों में तम्बाकू व्यसन मुक्ति केंद्र यानी टी सी सी जल्द शुरू किए जायेंगे।
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सतना में मेडिकल ऑफिसर्स एवं डेंटल सर्जन्स के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जिला चिकित्सालय मीटिंग हॉल में किया गया।कार्यशाला में जिले भर के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सिविल अस्पतालों से आए चिकित्सा अधिकारियों एवं दंत चिकित्सकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप गौतम द्वारा चिकित्सकों को तम्बाकू छोड़ने में सहायक निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी टेबलेट्स के सही उपयोग, डोज और किन मरीजों को यह दी जानी चाहिए, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।इसी कड़ी में कार्यशाला में बताया गया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय के दंत चिकित्सा विभाग में एन आर टी टेबलेट्स उपलब्ध हैं। आने वाले समय में सतना जिले के चयनित PHC , CHC और सिविल अस्पतालों में तम्बाकू व्यसन मुक्ति केंद्र शुरू किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही परामर्श और उपचार मिल सके।
मरीजों की काउंसलिंग का आह्वान
प्रशिक्षण में उपस्थित सभी डॉक्टरों और काउंसलर को निर्देशित और प्रेरित किया गया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक तम्बाकू/गुटखा/सिगरेट का सेवन करने वाले मरीज को तम्बाकू छोड़ने के लिए जागरूक करें, उन्हें इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दें और व्यसन मुक्त होने में उनकी हर संभव मदद करें। इस प्रशिक्षण कार्यशाला से जिले के स्वास्थ्य तंत्र को तम्बाकू निषेध अभियान में बड़ी मजबूती मिलेगी और आम जन को तम्बाकू के जहर से मुक्ति दिलाने में मदद मिलेगी।
