
सतना। लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव की चुनौती से निपटने के लिए नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर भर में संचालित विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों के बड़े नालों एवं पुलियों की चेन माउंटेन मशीनों से डीप क्लीनिंग कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारी ननि अरविंद प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में जहां जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां जेसीबी मशीनों की सहायता से अस्थायी जल निकासी मार्ग तैयार कर वर्षा जल की निर्बाध निकासी सुनिश्चित की गई। अभियान के अंतर्गत वार्ड 9 शिव कॉलोनी, वार्ड 17 राम टेकरी, वार्ड 24 रीवा रोड, वार्ड 25 पानी की टंकी क्षेत्र, वार्ड 29 पतेरी, वार्ड 35 नजीराबाद, वार्ड 36 पतनहा गार्डन, वार्ड 37 तारा देवी मुक्तिधाम, वार्ड 41 स्टेशन रोड, वार्ड 42 बांस नाका, वार्ड 43 तथा वार्ड 44 साईं मंदिर रोड सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नालों एवं पुलियों से गाद, कचरा और अवरोध हटाकर जल प्रवाह को सामान्य किया गया। सफाई के साथ ही निकले अपशिष्ट का तत्काल उठाव कराया गया, जिससे जलभराव की आशंका कम होने के साथ आसपास का वातावरण भी स्वच्छ बना रहा।
निगरानी के निर्देश
इसके अलावा बस स्टैंड, मंडी क्षेत्र, प्रमुख चौराहों, पार्कों, सार्वजनिक परिसरों, तालाबों, हैंडपंपों, कुओं, मंदिरों, गुरुद्वारा परिसर, विद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चिन्हित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कीटनाशक दवा का छिड़काव तथा चूने की लाइनिंग कराई गई।
स्वास्थ्य अधिकारी श्री अरविन्द प्रताप सिंह ने अभियान का मैदानी निरीक्षण कर सफाई दलों को जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
