
सतना। रेलवे गोदाम पर आए रैक की अनलोडिंग का साइड इफेक्ट बुधवार को उस देखने को मिला जब एक ट्रक के ओवर ब्रिज पर खराब हो जाने के कारण लगे भीषण जाम के चलते शहर शहर के दोनों हिस्से को जोड़ने वाली लाइफ़ लाइन पूरी तरह बाधित हो गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और उसमे फंसे लोग परेशान होते रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के दो हिस्सों को आपस मे जोड़ने वाले ओवर ब्रिज पर बुधवार को एक ट्रक खराब हो गया। बताया गया कि रेलवे माल गोदाम से उर्वरक लोड कर ट्रक पतेरी क्षेत्र में स्थित माल गोदाम को ओर जा रहा था। लेकिन ओवर ब्रिज पर ट्रक के खराब होकर खड़ा होने के कुछ ही मिनटों के अंदर सर्किट हाउस से लेकर सिविल लाइन तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान दो पहिया-चार पहिया वाहनों के अलावा बस, ट्रक जैसे बड़े वाहन भी जाम में फंस गए। लगभग 1 घंटे तक लोग परेशान होते रहे। बाद में ट्रैफिक पुलिस पहुंची और जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करने लगी। जाम में एम्बुलेंस और स्कूल बस भी फंसी रही। जाम में फंसे लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर दिन भर जाम लगा रहता है। सुगम यातायात यहां स्वप्न बन कर रह गया है। कहीं सड़कें खोद कर फेंक दी गई हैं तो कहीं अतिक्रमण ने सड़कों को संकरा कर रखा है।
जिम्मेदारों की उदासीनता का खामियाजा
जाम में फंसने से आक्रोशित लोगों ने बताया कि शहर के दो हिस्सों को जोड़ने वाला एक मात्र ये ओवर ब्रिज ही है जिस पर ट्रैफिक का लोड भी ज्यादा है। लेकिन, कोई जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहा। शहर नेताओं की उदासीनता और अफसरों की मनमानी की भेंट चढ़ रहा है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस घटना से इस बात की भी कलई खुल गई कि उर्वरक और खाद्यान्न के परिवहन में ठेकेदार द्वारा किस तरह के क़दम वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह कंडम वाहन किसी भी दिन किसी बड़ी दुर्घटना का सबब भी बन सकते हैं।
