ग्वालियर: सर्व मानव कल्याण महासंघ (ग्वालियर) ने मानसिक आरोग्यशाला, ग्वालियर के संचालक के खिलाफ की गई अपनी तमाम शिकायतों को औपचारिक रूप से निरस्त/नस्तीबद्ध करने का अनुरोध किया है। महासंघ द्वारा देश एवं प्रदेश के शीर्ष अधिकारियों—जिनमें देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय, आर्थिक अपराध शाखा, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, म.प्र. के मुख्यमंत्री, संभागायुक्त एवं कलेक्टर ग्वालियर शामिल हैं—को पत्र भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी गई है।
मांगें पूरी होने पर महासंघ में हर्ष
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप चौरसिया एवं राष्ट्रीय सचिव अमित श्रीवास की ओर से जारी पत्र (क्रमांक Q/202-1/2, दिनांक 29 जुलाई 2026) के अनुसार आरोग्यशाला के संचालक संजय लहारिया द्वारा महासंघ द्वारा उठाई गई सभी जायज मांगों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पूर्ण कर दिया गया है।
मांगों के समाधान के बाद महासंघ और संबंधित कर्मचारियों में संतोष और हर्ष का माहौल है। इसके चलते संघ ने अपनी पूर्व में की गई सभी शिकायतों पर आगे कोई भी कार्रवाई न करने और प्रकरणों को नस्तीबद्ध (फाइल बंद) करने का निवेदन किया है।इसके साथ ही सर्व मानव कल्याण महासंघ ने प्रशासनिक स्तर पर संवाद और समाधान के बाद मानसिक आरोग्यशाला प्रबंधन के प्रति संतोष व्यक्त किया है और पूर्व में प्रेषित सभी शिकायतों को वापस ले लिया है।
