इंदौर:मध्यप्रदेश एसटीएफ ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुरहानपुर से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई हैं. गिरफ्तार आरोपियों में एक राजस्थान का रहने वाला है, जबकि दूसरा बुरहानपुर का है, जो पहले से आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा था. एसटीएफ अब हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है.
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बुरहानपुर जिले के खकनार क्षेत्र से अवैध हथियार लेकर अमितपुरा की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही विशेष टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया. तलाशी में उनके पास से पांच देशी पिस्टल बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनुमान चौधरी, निवासी बाड़मेर (राजस्थान) और विजय कराडे, निवासी ग्राम पाचोरी, खकनार (बुरहानपुर) के रूप में हुई है.
जांच में सामने आया कि विजय कराडे बुरहानपुर के लालबाग थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में पहले से फरार था. एसटीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस गिरोह से लाए गए थे, इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन कौन लोग शामिल हैं.पूछताछ में हथियार तस्करी से जुड़े कुछ अहम इनपुट मिले हैं. हमारी टीम सप्लाई चेन, हथियार उपलब्ध कराने वाले स्रोत और इनकी पूर्व गतिविधियों की जांच कर रही है. नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इस मामले में कुछ और महत्वपूर्ण कार्रवाई होने की संभावना है.
पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ इंदौर, मानसिंह ठाकुर
