नयी दिल्ली 29 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘लक्ष्मी योजना लागू करने’ को लेकर प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया है। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और बाँसुरी स्वराज ने बुधवार को यहां दो लाभार्थियों श्रीमती संतोष देवी और श्रीमती सोनिया की उपस्थिति में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ लागू करने पर रेखा गुप्ता सरकार को धन्यवाद दिया। श्रीमती संतोष देवी लाजपत नगर में खाने की रेहड़ी लगाती हैं और श्रीमती सोनिया घरेलू कार्य सहायक के रूप में कार्यरत हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पात्र महिलाओं के लिए ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ अगस्त से लागू करते हुए इसके लिए पंजीकरण एक अगस्त से प्रारम्भ करने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत मात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी।
श्रीमती सहरावत ने कहा कि दिल्ली का दुर्भाग्य रहा है कि 2014 -2025 तक एक ऐसी सरकार यहां रही जिसने अपने राजनीतिक स्वार्थ को सर्वोपरि रखा और यहां के लोगों को केन्द्र सरकार की योजनाओं से वंचित रखने का काम किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने केन्द्र सरकार की किसी भी योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया और अपनी ओर से किसी भी तरह की योजनाओं की पहल नहीं की। जो योजनाएं वे लेकर भी आए वह सिर्फ भ्रष्टाचार का माध्यम बनीं। उन्होंने कहा कि 2025 में जब रेखा गुप्ता सरकार बनी तो यहां केंद्रीय योजनाओं को लागू किया गया। मात्र 16 महीने की सरकार ने कई योजनाएं दी और अब ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ लागू कर दिल्ली की महिलाओं को लाभ पहुंचाने का काम किया है।
सुश्री स्वराज ने कहा कि ‘महिलाओं के नेतृत्व में विकास’ केवल भाजपा का नारा ही नहीं है बल्कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसको चरितार्थ करने का काम किया है। चाहे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ हो या फिर जन धन योजना हो। 50 फीसदी से ज्यादा बैंक खाते महिलाओं के ही खोले गए हैं। प्रधानमंत्री जी ने मुद्रा योजना के तहत महिलाओं को वित्तीय मजबूती दी तो उज्जवला योजना के तहत उन्हें समाजिक न्याय दिया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो अभियाना चलाया उसमें दिल्ली पीछे रह रही थी क्योंकि दिल्ली में तत्कालीन आप-दा की सरकार ने राजनीति द्वेष के कारण उन्हें लागू करने से रोक दिया था।
जब भाजपा की सरकार बनी तो तुरन्त केन्द्रीय योजनाओं को दिल्ली में लगू करने की स्वीकृति दे दी और अब दिल्ली की हर माता-बहन को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलेंगे जिसके लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है जो एक अगस्त से सुचारु रुप से चलना शुरु हो जाएगा और इससे 21 से 60 वर्ष आयु की 17 लाख महिलाएं लाभांवित होने वाली हैं। दोनों सांसदों ने समयबद्ध “दिल्ली लक्ष्मी योजना” दिल्ली में लागू करने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को साधुवाद दिया। श्रीमती संतोष देवी ने कहा कि यह 2500 रुपये की मासिक राशि हमारे परिवार में बच्चों की शिक्षा में बहुत उपयोगी होगी। नवजीवन कैम्प की श्रीमती सोनिया ने कहा कि फ्री राशन, पिंक बस कार्ड और अब यह ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ ला कर भाजपा सरकार ने गरीबों का जीवन आसान किया है, अब हम हमारे बच्चों के लिए स्वास्थ वर्धक फल भी ले पायेंगे।

