भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज (बुधवार, 29 जुलाई) किसानों का प्रदर्शन जारी है. किसान क्रांति पैदल यात्रा भोपाल पहुंच गई है और अब आंदोलनकारी किसान भोपाल में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने वाले हैं. किसानों की मांग है कि सरकार 100 फीसदी मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था को ठीक करे.
बीती रात भोपाल के होशंगाबाद रोड पर किसानों ने पूरी रात सड़क पर ही गुजारी। मांगें पूरी नहीं होने पर किसानों ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया।
रात में किसानों ने सड़क किनारे आग जलाकर दाल-बाटी बनाई। टमाटर और मिर्च का भरता तैयार किया और वहीं बैठकर भोजन किया। किसानों का कहना है कि जरूरत पड़ी तो लंबे आंदोलन के लिए राशन का इंतजाम भी यहीं करेंगे।वहीं देर रात कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की थी, लेकिन यह मीटिंग किसी नतीजे तक नहीं पहुंची, जिसके बाद अब किसान सीएम आवास का घेराव करने जा रहे हैं.
नर्मदापुरम समेत 12 जिलों से आए किसान दो प्रमुख मांगों पर अड़े हैं—मूंग की 100 फीसदी सरकारी खरीदी और खाद वितरण में टोकन सिस्टम खत्म किया जाए।
उधर, आंदोलन को देखते हुए भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन लागू है और कई स्कूलों में भी छुट्टी घोषित की गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार किसानों से फिर बातचीत करती है या आंदोलन और तेज होता है
