
सीधी ।मधुरी गांव में देर रात मजदूरी मांगने गए राजमिस्त्री की संदिग्ध हालत में मौत होने पर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। जिस घर में शव मिला था परिजनों द्वारा आज सुबह से ही घेराव कर लिया गया। भारी भीड़ के विरोध के चलते पुलिस को भी समझाइस देने के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह परिजन शांत हुए और पंचनामा की कार्रवाई शुरू हुई। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस द्वारा जिला अस्पताल के मर्चुरी पहुचाया गया। यहां शव को उतारकर परिजनों द्वारा मर्चुरी के सामने कलेक्ट्रेट मार्ग में चक्काजाम शुरू कर दिया गया। पुलिस द्वारा फिर से कार्रवाई का आश्वासन देने पर करीब 15 मिनट में ही चक्काजाम समाप्त हो गया और डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम करने के पश्चात शव को परिजनों को सौंपा गया। दरअसल जमोड़ी थाना क्षेत्र के मधुरी गांव में राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। मृतक के करीब 100 परिजन और रिश्तेदारों ने लक्ष्मीकांत पटेल के घर पहुंचकर घेराव कर दिया। सूचना पर जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार दिनेश साकेत शनिवार रात करीब 10 बजे मधुरी निवासी लक्ष्मीकांत पटेल के घर गए थे। इसी मकान में बाद में उनका शव मिला। मृतक की पत्नी निर्मला साकेत का आरोप है कि दिनेश लक्ष्मीकांत के यहां राजमिस्त्री का काम करते थे और उनकी 18 हजार रुपए से अधिक की मजदूरी बकाया थी। पत्नी के मुताबिक दिनेश बकाया मजदूरी के रुपए मांगने के लिए ही वहां गए थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे मृतक के परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में लक्ष्मीकांत पटेल के घर पहुंचे और मकान को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान लक्ष्मीकांत की पत्नी और बेटी के घर के अंदर होने की बात सामने आई। भीड़ जुटने की सूचना पर जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
सीढिय़ों से गिरने से हुई मौत : लक्ष्मीकांत
मकान मालिक लक्ष्मीकांत पटेल ने घटना को लेकर अलग पक्ष बताया। उनका कहना था कि शनिवार रात वह और दिनेश साकेत दूसरी मंजिल की छत पर बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान बिजली चली गई। दिनेश नीचे उतरने लगे, लेकिन सीढिय़ों पर रेलिंग नहीं होने के कारण वह नीचे गिर गए। लक्ष्मीकांत के अनुसार हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतक के परिजनों द्वारा विरोध एवं आक्रोश जताने पर पुलिस द्वारा लगातार समझाईस एवं आश्वासन दिया गया कि घटना की काफी बारीकी के साथ विवेचना शुरू की गई है। मामले में जो भी साक्ष्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि हत्या का मामला विवेचना के दौरान सामने आता है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इनका कहना है
पुलिस को कल रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि मधुरी कोठार में एक डेड बॉडी पड़ी हुई है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई की गई तथा एफएसल टीम को मौके पर बुलाकर फिंगरप्रिंट्स एकत्रित किए गए। डेड बॉडी का पोस्टमार्टम डॉक्टर्स टीम द्वारा किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के पश्चात आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुजीत कुमार, डीएसपी मुख्यालय सीधी
जमोड़ी थाना पुलिस को मधुरी कोठार गांव में लक्ष्मीकांत पटेल के घर में एक शव के मौजूद होने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आगे की मर्ग विवेचना शुरू की गई। पंचनामा कार्रवाई के साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर मौके पर मौजूद सभी साक्ष्यों को एकत्र कराया गया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दिव्यप्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी जमोड़ी
