सिटी बस संचालन की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं पहुंचे कलेक्टर कार्यालय

इंदौर: देवगुराडिया से सनावद और कंपाल मार्ग पर आवागमन करने वाले छात्र-छात्राओं ने निजी बस संचालकों की मनमानी और बसों में हो रही ओवरलोडिंग की शिकायत को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या रखी. छात्रों ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मांग की कि इस रूट पर सिटी बस सेवा शुरू कराई जाए, जिससे उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके.
छात्रों का आरोप है कि निजी बस ऑपरेटरों द्वारा सिटी बसों के संचालन में बाधा डाली जा रही है. उनका कहना है कि निजी बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाता है. कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि छात्रों को बसों की छत पर बैठकर सफर करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. छात्रों ने बताया कि यदि इस मार्ग पर सिटी बस सेवा शुरू हो जाती है तो बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और उन्हें सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिल सकेगा.

इसी मांग को लेकर उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन और शिकायत प्रस्तुत की. मामले को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए आरटीओ लगातार कार्रवाई कर रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस रूट पर भी विशेष जांच अभियान चलाया जाए. जांच के दौरान बसों की फिटनेस, सुरक्षा इंतजाम, स्पीड गवर्नर सहित अन्य मानकों की जांच की जाएगी।.

नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
कलेक्टर ने कहा कि बसों में ओवरलोडिंग पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Next Post

कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए खंडवा रोड पर भारी वाहनों की एंट्री बंद

Wed Jul 29 , 2026
इंदौर:श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने खंडवा रोड पर भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का फैसला लिया है. कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी […]

You May Like