जबलपुर: लार्डगंज थाना अंतर्गत रानीताल चौक फ्लाईओवर के नीचे होटल में कमरा उपलब्ध न होने की बात पर भडक़े गैंगस्टर छोटू चौबे का गुर्गा ने अपने साथी के साथ मिलकर क होटल मैनेजर को डराने के उद्देश्य से तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गया।लार्डगंज पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रानीताल गेट नंबर 1 के रहने वाले शिवम अग्रवाल राइट टाउन स्थित एक होटल में मैनेजर हैं।
कुनाल पटेल होटल पहुंचा था और एक लग्जरी कमरे की मांग करने लगा। मैनेजर शिवम ने उसे बताया कि सभी कमरे पहले से बुक हो चुके हैं। इस बात पर कुनाल अड़ गया और हर हाल में कमरा देने का दबाव बनाने लगा। उसने मैनेजर को धमकी देते हुए कहा कि वह गैंगस्टर छोटू गैंग का सक्रिय सदस्य है और देख लेने की बात कहकर वहां से चला गया। विवाद के बाद, बीती रात जब होटल मैनेजर शिवम अग्रवाल अपनी ड्यूटी खत्म करके होटल से घर लौट रहा था तभी रानीताल चौक फ्लाईओवर के नीचे कुनाल पटेल अपने साथी सनी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा।
दोनों ने मैनेजर का रास्ता रोक लिया। कुनाल पटेल ने शिवम को देखते ही कमरा न देने की बात पर नाराजगी जताई। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल निकाली और हवाई फायर कर दिए। सरेराह हुई इस फायरिंग से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके पर दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।घटना के बाद पीडि़त मैनेजर ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिवम अग्रवाल की रिपोर्ट पर कुनाल पटेल और उसके साथी सनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
