मांग पूरी नही हुई तो सड़क पर ढाई लाख उतरेंगे

सिंगरौली । जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। शहर में रैली निकालते हुए छात्रों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भूमि अधिग्रहण और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अगली बार केवल एक हजार नहीं, बल्कि करीब ढाई लाख छात्र आंदोलन में शामिल होंगे। ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि सिंगरौली औद्योगिक और समृद्ध जिला होने के बावजूद यहां अनेक मूलभूत समस्याएं विकराल रूप धारण कर चुकी हैं। कोयला और राखड़ परिवहन के कारण आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही हंै। छात्रों ने सड़कों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक कोयला और राखड़ वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए छात्रों ने कहा कि जिले के अधिकांश सरकारी विद्यालयों में शिक्षक समय पर नहीं पहुंचते, पेयजल की व्यवस्था नहीं है, शौचालय अनुपयोगी हैं और भवन जर्जर हो चुके हैं। इन सभी समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि ट्रामा सेंटर की अव्यवस्थाओं, गंदगी और चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

कंपनियां नही देती रोजगार

रोजगार के मुद्दे पर छात्रों ने कहा कि जिले में पॉलीटेक्निक, आईटीआई, स्नातक और स्नातकोत्तर महाविद्यालयों से हर वर्ष हजारों विद्यार्थी निकलते हैं, लेकिन स्थानीय उद्योगों में उन्हें रोजगार नहीं मिल पाता। उन्होंने मांग की कि जिले में स्थापित होने वाली कंपनियां लीड कॉलेज के माध्यम से कैंपस चयन आयोजित कर स्थानीय युवाओं के लिए 20 से 30 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करें। भूमि अधिग्रहण के मामलों का उल्लेख करते हुए छात्रों ने कहा कि बिना सहमति, पूर्व सूचना और उचित मुआवजे के किसी भी व्यक्ति की जमीन, मकान या दुकान का अधिग्रहण नहीं किया जाना चाहिए। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

छात्र रैली में अभद्र स्लोगन पर मचा विवाद

जिला मुख्यालय बैढ़न में रविवार को विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों छात्र रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान अधिकांश छात्र हाथों में अपनी मांगों से जुड़ी तख्तियां लिए हुए थे, लेकिन एक छात्र की तख्ती पर लिखे अभद्र एवं अमर्यादित शब्दों ने पूरे आंदोलन को विवादों में ला दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि लोकतांत्रिक विरोध में मर्यादित भाषा का प्रयोग होना चाहिए। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं, जहां कई लोगों ने छात्रों के इस व्यवहार की आलोचना की है। लोगों का कहना है कि अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध प्रदर्शन के दौरान शालीनता और सामाजिक मर्यादा का पालन भी उतना ही आवश्यक है।

Next Post

खाचरौद में 33 लाख की चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड सहित 3 गिरफ्तार

Sun Jul 26 , 2026
खाचरौद। थाना खाचरौद पुलिस ने कस्बे में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 33 लाख रुपये के चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस […]

You May Like