तेहरान, 26 जुलाई (वार्ता) ईरान ने रविवार को कहा कि पिछली दो रातों से अमेरिकी हमले रुकने के बाद ईरानी सेना ने भी अपनी कार्रवाई रोक दी है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता आमिर अकरमिनिया ने कहा, “अमेरिकियों ने पिछले दो रातों से अपने हमले बंद कर दिये हैं। चूंकि हमारी रणनीति पूरी तरह जवाबी कार्रवाई पर आधारित रही है, इसलिए हमने भी अपनी जवाबी सैन्य कार्रवाई रोक दी है।”
उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के बीच रणनीति को लेकर स्पष्टता का अभाव दिखायी देता है। उनका कहना था कि यह स्थिति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की गतिविधियों से भी स्पष्ट होती है।
श्री अकरमिनिया ने कहा, “अमेरिका की रणनीति उसके अपने अधिकारियों के लिए भी स्पष्ट नहीं है। यह अमेरिकी अधिकारियों, विशेष रूप से राष्ट्रपति के बयानों और अमेरिकी सेंट्रल कमांड की गतिविधियों से स्पष्ट होता है।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने फिर से हमले शुरू किए तो संघर्ष का दायरा और बढ़ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यह संघर्ष पहले ही बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य तक फैल चुका है।
