सतना: भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन माता सुभद्रा की पावन रथ यात्रा शनिवार को जय स्तंभ चौक से वैदिक मंत्रोच्चार, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और गाजे-बाजे के साथ भव्य रूप से प्रारंभ हुई। जैसे ही भगवान का रथ नगर भ्रमण के लिए निकला, पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा में शामिल होकर भक्ति और उत्साह का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। भगवान के रथ की रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया और पूरे मार्ग में रस्सी खींचने की होड़ लगी रही।
आयोजन समिति के सदस्य श्याम लाल गुप्ता ‘श्यामू’, संजय बड़ेरिया एवं शम्मी पुरी ने बताया कि रथ यात्रा जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, सर्किट हाउस, ओवरब्रिज, सिविल लाइन और पन्ना नाका होते हुए होटल यूएसए के समीप स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंची। मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके पश्चात मधुरिमा सेवा संस्कार फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. स्वप्ना वर्मा के सहयोग से हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन
रथ यात्रा मार्ग पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारी एवं सेवा संगठनों ने स्वागत मंच बनाकर भगवान का पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल, फल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे नगर में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया।
