इंदौर:नगर निगम में वर्षों से लंबित इंजीनियरो की पदोन्नति आखिर हो गई. उक्त निर्णय मेयर-इन-काउंसिल ने उपयंत्री (सिविल) से सहायक यंत्री (सिविल) तथा तीन सहायक यंत्रियों को कार्यपालन यंत्री के पद पर पदोन्नति देने की स्वीकृति दे दी है.आज पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद सभी अधिकारी नगर निगम सचिवालय पहुंचे. महापौर पुष्यमित्र भार्गव से सौजन्य भेंट कर आभार जताया।
इस दौरान महापौर ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल अधिकार नहीं, बल्कि शहर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी बढ़ गई है. ध्यान रहे कि 20 जुलाई 2026 को एमआईसी की बैठक में मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर निर्णय लिया गया.
उपलब्ध रिक्त पदों और वरिष्ठता सूची के आधार पर उपयंत्रियों को सहायक यंत्री पद पर पदोन्नति की स्वीकृति दी गई. इसके साथ ही तीन सहायक यंत्रियों को कार्यपालन यंत्री पद पर पदोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया. पदोन्नत अधिकारियों ने महापौर को भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कार्यकुशलता के साथ करेंगे.
