जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत सुभाष टॉकीज के पास सडक़ पर खुले घूम रहे एक पालतू कुत्ते ने मोटर साइकिल से जा रही नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। जब पीडि़त दंपत्ति ने इसकी शिकायत की, तो कुत्ता मालिक ने उन्हें सरेराह धमकी दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सुनीता बाल्मीकि निवासी बेलबाग, फूटाताल की कचनार सिटी, विजय नगर जोन नगर निगम में साफ-सफाई का काम करती हैं। रोजाना की तरह वह अपने पति अजय कुमार बाल्मीकि के साथ मोटर साइकिल पर बैठकर ड्यूटी के लिए निकली थीं। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल दरहाई रोड होते हुए सुभाष टॉकीज के सामने पहुंची, वहां एक व्यक्ति अपने 3-4 कुत्तों को बिना पट्टे और जंजीर के सडक़ पर टहला रहा था।
मोटरसाइकिल जैसे ही उन कुत्तों के पास से गुजरी, अचानक एक कुत्ते ने सुनीता पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के दाहिने पैर के पंजे और एड़ी को बुरी तरह से काट लिया। हमला इतना अचानक था कि महिला संभल नहीं पाई और उसके पैर से भारी मात्रा में खून बहने लगा। जब घायल महिला और उसके पति ने कुत्ता मालिक को टोकते हुए कहा कि आप अपने कुत्तों को बांधकर क्यों नहीं रखते? तो वह आग बबूला हो गया। उसने धमकी भरे लहजे में कहा, मेरे कुत्ते तो रोड पर ऐसे ही खुले घूमेंगे, तुमको जो करना है कर लो। श्वान मालिक संतोष सोनी ने धौंस देते हुए कहा कि मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
पीडि़ता विक्टोरिया से मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के तुरंत बाद पीडि़त दंपत्ति कोतवाली थाने पहुंचे। महिला की गंभीर स्थिति और बहते खून को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा। वहां से डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपी संतोष सोनी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
