
नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित ‘नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0’ के तहत नीमच पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल को माध्यम बना रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नवाचार के तहत जिले में पहली बार ‘पुलिस अधीक्षक कप फुटबॉल टूर्नामेंट’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से खेल के मैदान से नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित यह पांच दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ 26 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक दशहरा मैदान, नीमच में होगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में फुटबॉल क्लबों के सचिवों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें टूर्नामेंट की रूपरेखा, नियम एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस फुटबॉल महाकुंभ में जिले की 17 फुटबॉल टीमें भाग लेंगी। इनमें अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब, एनएफए, ए. यूनियन, ईगल फुटबॉल क्लब, फ्रेंड्स क्लब, नीमच ब्रदर्स, नीमच सिटी फुटबॉल क्लब, सिटी स्पोर्ट्स, ग्वालटोली फुटबॉल क्लब, अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब, यंग स्टार फुटबॉल क्लब, चर्चिल फुटबॉल क्लब, एनएफसी, सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब, हिरोज फुटबॉल क्लब तथा राज फुटबॉल क्लब सहित अन्य टीमें शामिल होंगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी खेल भावना के साथ नशामुक्त समाज का संदेश भी देंगे।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से ‘खेल के मैदान से नशे के खिलाफ जंग’ की इस पहल को अभियान से जोड़ा गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
नीमच पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे ‘नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0’ को जनआंदोलन बनाएं, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
