
जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग के एक खंडहर हो चुके हॉस्टल में करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को संदेश कुमार राय 30 वर्ष, निवासी जेईसी कॉलेज ने रांझी सूचना दी कि इंजीनियरिंग कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग के खंडहर हॉस्टल नंबर 05 के ग्राउंड फ्लोर पर एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, प्राथमिक तौर पर अंदेशा जताया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत बीती रात 11 बजे से शुक्रवार सुबह 9 बजे के बीच हुई है।
पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस फिलहाल आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालकर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
