इंदौर: लसूडिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एबी रोड पर बालाजी ट्रैवल्स की बस और ट्रक की आमने सामने टक्कर हो गई. हादसे में बस चालक, कंडक्टर, क्लीनर और ट्रक चालक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा.हादसा लसूडिया थाने के सामने हुआ, बालाजी ट्रैवल्स की बस डिवाइडर के कट से मुड़ रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस में फंसे यात्रियों और स्टाफ को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. देर रात क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.
ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप…
हादसे के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में था और उसने अचानक डिवाइडर कट से बस मोड़ दी, जिसके कारण सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हुई, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
