ग्वालियर: ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने 38,रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भेजे अपने संदेश में कहा कि हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। इसकी पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। अपने संदेश के जरिए उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में करने की बात कही।
अपने संदेश में ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकार सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है। शहर में चल रहीं विभिन्न विकास योजनाओं के पूरा होने से न केवल सुविधाएं बढ़ रही हैं, बल्कि ग्वालियर को एक विकसित स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान मिल रही है।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के अनुज सतेन्द्र सिंह तोमर (बबलू ) ने 607 हितग्राहियों को राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हित लाभ के प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिसमें 168 हितग्राहियों को विधवा, वृद्धावस्था तथा विकलांग पेंशन के प्रमाणपत्र, 172 हितग्राहियों को राशन पात्रता पर्ची, 234 महिलाओं को कामकाजी महिला कार्ड, 33 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड शामिल हैं।
