बिजली कंपनी के एसई पर लोकायुक्त का शिकंजा, 33 साल की नौकरी में सात करोड़ से ज्यादा की संपत्ति

इंदौर: मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीकेवीवीसीएल) के अधीक्षण यंत्री (एसई) शिवराम सेमिल पर लोकायुक्त विशेष पुलिस स्थापना ने मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की. सुबह से ही इंदौर सहित प्रदेश के अलग-अलग शहरों में उनके और परिजनों से जुड़े नौ ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की गई. प्रारंभिक जांच में लोकायुक्त ने अधिकारी के पास वैध आय की तुलना में करीब 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का दावा किया है.

सेमिल वर्ष 1993 से शासकीय सेवा में हैं, अब तक की जांच में उनकी वैध आय लगभग दो करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि उनके और परिजनों के नाम पर करीब 7.16 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति, निवेश और अन्य परिसंपत्तियों का विवरण सामने आया है. इसी आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाशी की कार्रवाई की गई. तलाशी के दौरान जांच दल को कई संपत्तियों, निवेश, बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और व्यवसाय से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं.

अधिकारियों ने दस्तावेजों को जब्त कर उनका परीक्षण शुरू कर दिया है. बैंक लॉकर, शेयर निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है. लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई में लोकायुक्त की कई टीमों को अलग अलग स्थानों पर लगाया है. तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण, भूखंड, मकान, वाहन और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा.

फैक्ट फाईल…
अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के खिलाफ कार्रवाई
इंदौर सहित 9 ठिकानों पर एक साथ छापा
33 वर्ष की सेवा अवधि जांच के दायरे में
वैध आय लगभग 2 करोड़ रुपए बताई गई
प्रारंभिक जांच में 7.16 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का दावा
आय से 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का आरोप
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

 

कार्रवाई अभी जारी है…
आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई अभी जारी है. तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति एवं अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
लोकायुक्त डीएसपी, सुनील तालान

Next Post

भारत ने समुद्री टैंकर पर हमले में चार भारतीयों की मौत पर रूसी राजनयिक को तलब कर विरोध जताया

Tue Jul 21 , 2026
नयी दिल्ली 21 जुलाई (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने रूस के यहां स्थित प्रभारी राजदूत को तलब कर यूक्रेन में वाणिज्यिक पोत एमवी गोल्डन लियो पर हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत के मामले की कड़ी निंदा की तथा विरोध जताया। भारत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वाणिज्यिक […]

You May Like