जबलपुर:कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।कलेक्टर सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन का निराकरण प्राथमिकता से करें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करें। साथ ही, अनुग्रह आवेदन और संबल पंजीयन के लंबित आवेदनों की नगरीय निकाय वार समीक्षा करते हुए जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर देते हुए कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रदार्थों के कचरा निष्पादन के लिए होटल और अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही, ठोस अपशिष्ट पदार्थों के परिवहन में लगे वाहनों का अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने, बिना परमिट नंबर की गाडिय़ों को कचरा संग्रहण न करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने खाद की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने डबल लॉक वितरण केंद्रों से कैश बैंक तक पहुंचाने के लिए एलडीएम को सभी बैंकों को कैश वितरण केंद्र से उठाने के निर्देश देने कहा। साथ ही खाद का भुगतान किसान ऑनलाइन माध्यम से करें, इसके लिए किसानों को प्रेरित करने के लिए प्रचार – प्रसार करने के निर्देश दिए। बैठक में मूंग खरीदी, कृषि उपज मंडी में साफ-सफाई और इसे आदर्श मंडी बनाने के लिए चर्चा की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अहिरवार ने स्कूल के पास से चिन्हित गुटखा व तंबाकू की दुकानों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि निगम की टीम प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इसे हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, ए के सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित जिले के सभी एसडीएम और जिला अधिकारी उपस्थित थे। फील्ड स्तर के अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
