नशामुक्ति अभियान से चौथे दिन 8.30 लाख से अधिक लोग जुड़े

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित राज्यव्यापी नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ को लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के चौथे दिन प्रदेशभर में आयोजित 1,300 से अधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 8.30 लाख से अधिक नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।

अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण समुदायों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। रैलियां, मैराथन, साइक्लोथॉन, नुक्कड़ नाटक, व्याख्यान, लघु फिल्म प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। सामाजिक न्याय एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए उपलब्ध परामर्श और पुनर्वास सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

जागरूकता अभियान में इंदौर जिला सबसे आगे रहा, जहां 4.39 लाख से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया गया। बुरहानपुर में स्कूल आधारित प्रतियोगिताओं के माध्यम से 1.35 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं बालाघाट, मंडला, बैतूल सहित कई जिलों में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। भोपाल रेल पुलिस ने भी यात्रियों और परिवहन कर्मियों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया।

पुलिस मुख्यालय ने नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए इसे नशामुक्त, स्वस्थ और अपराधमुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में जनआंदोलन बताया।

 

 

Next Post

विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस CLP की बैठक; भूमि घोटाला, किसान और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरेगी विपक्ष

Mon Jul 20 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में रविवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के लिए पार्टी की रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने निर्णय लिया कि वह सदन में जनहित […]

You May Like