इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के स्कूल ऑफ स्टेटिस्टिक्स ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में कॉलेज स्तरीय काउंसलिंग के माध्यम से प्रत्यक्ष प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध सीटों के अनुसार दिए जाएंगे.स्कूल ऑफ स्टेटिस्टिक्स द्वारा बी.ए./बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) सांख्यिकी, एकीकृत द्वैध डिग्री कार्यक्रम (बी.ए./बी.एससी. + एम.ए./एम.एससी. सांख्यिकी), एम.ए./एम.एससी. (सांख्यिकी) प्रथम वर्ष तथा द्वितीय वर्ष में प्रवेश दिए जा रहे हैं.
सभी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया स्कूल ऑफ स्टेटिस्टिक्स, विज्ञान भवन, डीएवीवी के खंडवा रोड स्थित परिसर में संचालित की जा रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से डायरेक्ट मेरिट बेस्ड एडमिशन-2026 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया है। प्रवेश पात्रता की शर्तों तथा सीटों की उपलब्धता के अधीन होंगे. प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को कार्यालय समय में स्कूल ऑफ स्टेटिस्टिक्स पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. इनमें 10वीं और 12वीं की अंकसूची एवं प्रमाण-पत्र, स्नातक की अंकसूची (स्नातकोत्तर प्रवेश हेतु), आधार कार्ड, समग्र आईडी, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, जाति एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), ट्रांसफर सर्टिफिकेट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। गैप वाले विद्यार्थियों को शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा.
फोटोकॉपी के दो सेट जमा करना अनिवार्य
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश के समय सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी के दो सेट जमा करना अनिवार्य होगा. ट्रांसफर सर्टिफिकेट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट मूल रूप में जमा किए जाएंगे, जबकि अन्य मूल दस्तावेज सत्यापन के बाद विद्यार्थियों को वापस कर दिए जाएंगे.
