नयी दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने जम्मू कश्मीर के शोपियां और पुलवामा से सिंगापुर के लिए प्रीमियम अरेको चेरी और सेंटरोज़ प्लम की पहली खेप के निर्यात की सुविधा प्रदान की है।
यह उपलब्धि इस क्षेत्र से संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी और दुबई को ताजी चेरी और प्लम के सफल निर्यात के बाद हासिल हुई है। इससे कश्मीर के प्रीमियम फलों की वैश्विक मौजूदगी और भी बढ़ गई है। एपीडा ने मेसर्स ओसुम फूड सॉल्यूशंस एलएलपी और मेसर्स फ्रूट मास्टर एग्रो फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड, पुलवामा के सहयोग से सिंगापुर को पहले निर्यात खेप के लिए समारोह का आयोजन भी किया।
जम्मू और कश्मीर बेहतरीन स्वाद, बनावट और लंबे समय तक टिकने वाले उच्च गुणवत्ता वाले फल पैदा करता है। इस निर्यात खेप की कटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग और परिवहन वैज्ञानिक तरीके से किया गया था, और सिंगापुर पहुंचने पर ताजगी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और पौध स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए एक कुशल कोल्ड चेन से इसे पहुंचाया गया।
इस पहल से किसानों की आमदनी में 50 प्रतिशत से अधिक इजाफा होने की आशा है। इससे निर्यात वाली पैदावार, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और फसल कटाई के बाद बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है, जिससे फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा। इससे किसानों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर पैदा होंगे।
