रीवा:नगर निगम के अतिक्रमण दल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सडक़ एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया.जोन क्रमांक 1 के निपनिया तिराहे के पास व्यापारी द्वारा कबाड़ का व्यापार कर सडक़ की पटरी पर व्यवसाय संचालित किया जा रहा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था. उक्त अतिक्रमण को हटाने के साथ संबंधित व्यक्ति को समझाइश दी गई कि सडक़ की पटरी पर पुन: किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार जब्ती के साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
इसके साथ ही जोन क्रमांक 1 में ढेकहा तिराहे से लेकर बनकुईया रोड तक सडक़ पटरी को खाली कराते हुए आवागमन सुचारु कराया गया. साथ ही दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सडक़ पटरी पर रखी गई स्टैंडी भी जब्त की गई. इसके अलावा नगर निगम के अतिक्रमण दल द्वारा जोन क्रमांक 2 में शासन के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों से 100 मीटर की परिधि में पान-गुटखा बेचने पर प्रतिबंध होने के बावजूद लोगों द्वारा मॉडल स्कूल, एमबीए कॉलेज तथा एपीएस यूनिवर्सिटी के पास पान-गुटखे का व्यापार किया जा रहा था. इस पर कार्रवाई करते हुए जब्ती के साथ चालानी कार्रवाई की गई.
