मुंबई, 16 जुलाई (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टेक महिंद्रा को मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 28.4 प्रतिशत बढ़कर 1,465 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 17.7 फीसदी की वृद्धि के साथ 15,712 करोड़ रुपये रहा। परिचालन लाभ सालाना आधार पर 53.3 प्रतिशत बढ़ा और 2,264 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान उसके कर्मचारियों की संख्या घटकर 30 जून 2026 को 1,46,760 रह गयी। यह तीन महीने पहले की तुलना में 863 कर्मचारी कम है।
तिमाही के अंत में कंपनी के पास 9,695 करोड़ रुपये की नकदी थी। टेक महिंद्रा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक मोहित जोशी ने कहा कि यह लगातार तीसरी तिमाही है जिसमें कंपनी ने एक अरब डॉलर से अधिक के अनुबंध हासिल किये। यह कंपनी की कारोबारी मजबूती और उसके उत्पादों की प्रासंगिकता दिखाता है। पांच करोड़ डॉलर से अधिक के क्लाइंट की संख्या में सात का इजाफा हुआ।

