जगन्नाथ के भात, जगत पसारे हाथ… जय जगन्नाथ

शाजापुर, आ रही है पालकी, जय जगन्नाथ की… जगन्नाथ के भात, जगत पसारे हाथ… जय जगदीश हरे-हरे… जय जगन्नाथ-जय जगन्नाथ. ये जयकारे प्रात: से ही नगर में गूंज रहे थे. इन जयकारों के उद्घोष से वातावरण भगवान जगन्नाथ की भक्ति से सराबोर नजर आया. प्रतिवर्ष की तरह गुरुवार को नगर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई. रथयात्रा का विभिन्न संगठनों, समाजजनों और आमजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया. वहीं भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए भी लोग लालायित रहे.

नगर के डांसी क्षेत्र में स्थित जगदीश मंदिर से सुबह भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलदाऊ की प्रतिमाओं को लेने के लिए विधायक अरुण भीमावद, भावसार समाज अध्यक्ष, जगन्नाथ समिति पदाधिकारी व वरिष्ठ समाजजन पहुंचे और भावसार मोहल्ला स्थित धमर्शाला में प्रतिमाओं को विशेष वाहन से लाया गया. यहां पर मां हिंगलाज माता मंदिर में भगवान जगन्नाथ की आरती विधि-विधान से की गई. इसके बाद प्रतिमाओं को विशेष रूप से तैयार कराए गए रथ में विराजित कर जयघोष के साथ रथयात्रा की शुरुआत की गई. मंदिर में समाजजनों ने भगवान जगन्नाथ की आरती की. इसके बाद धमर्शाला परिसर से रथयात्रा शुरू की गई. जो नगर के सोमवारिया बाजार, आजाद चौक, छोटा चौक, वजीरपुरा, धानमंडी चौराहा, महुपुरा रपट होते हुए डांसी स्थित जगन्नाथ मंदिर पर पहुंची. रथयात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया. अनेक भक्तों ने भगवान का पूजन किया और रथ के रस्से को खींचकर पुण्य लाभ लिया. यात्रा के दौरान रथ को रस्से से खींचते हुए भावसार समाज की महिलाएं, पुरुष, बच्चे सहित विभिन्न समाजजन और अन्य भक्त चल रहे थे. सबसे आगे बैंड और ढोल की धुन पर समाज की महिलाएं, पुरुष थिरकते हुए चल रहे थे.

जगन्नाथ मंदिर में हुआ यात्रा का विश्राम

साढ़े 11 बजे डांसीपुरा स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचने पर यात्रा का विश्राम कर भगवान को मंदिर में दोबारा विराजित किया गया. रथयात्रा में भावसार समाज अध्यक्ष तुलसीराम भावसार, जगन्नाथ मंदिर समिति संयोजक रामचंद्र भावसार, यात्रा प्रभारी पंकज भावसार, सह प्रभारी दीपक भावसार, विकास लाला भावसार, अशोक भावसार, महेश भावसार, डॉ. अभय भावसार, संतोष भावसार, महिला मंडल अध्यक्ष निशा बराड़े, सचिव भावना भावसार, उपाध्यक्ष सरोज भावसार, सविता भावसार सहित आसपास के जिलों के समाज अध्यक्ष व पदाधिकारियों ने भी यहां पहुंचकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया. रथयात्रा में समाजजनों के अलावा कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी, सर्व हिन्दू उत्सव समित अध्यक्ष पं. आशीष नागर, विकास सिंदल, गोविंद नायक, दिलीप सिंदल, मनीष सोनी, रोहित विश्वकर्मा सहित नगर पालिका के सभापति, पार्षद एवं गणमान्यजनों ने रथ को खींचकर पुण्यलाभ अर्जित किया. नगर में भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा भव्य रूप से निकाली गई. इस आयोजन में न सिर्फ भावसार समाज और नगर के गणमान्य नागरिकों ने सम्मिलित होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त किया.

Next Post

हैदराबाद से लाये रेस के सभी घोड़े बेंच दिये, हाईकोर्ट ने दी जांच की अनुमति

Thu Jul 16 , 2026
जबलपुर। हैदराबाद से जबलपुर लाये गये घोडे की मौतों को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी। याचिका की सुनवाई के दौरान गुरुवार को केयरटेकर की तरफ से बताया गया कि जीवित बचे सभी घोडो को उन्होंने बेच दिया है। याचिकाकर्ता की तरफ से आपत्ति व्यक्त करते […]

You May Like