बेकाबू हाईवा घर में घुसा, टला बड़ा हादसा

सिंगरौली:देवसर के पूर्वी बाईपास पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार लोडेड हाईवा (क्रमांक CG 15 EE 5449) राष्ट्रीय राजमार्ग से अनियंत्रित होकर नीचे उतर गया और सीधे एक मकान में जा घुसा। मकान से टकराने के बाद हाईवा पलट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब शुक्ला परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोरदार धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय घर में मौजूद वृद्ध मथुरा प्रसाद गुप्ता भी सुरक्षित बच गए। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे भयावह अनुभव बताया।

हादसे में मकान के अलावा पास स्थित तिवारी मशीनरी की दुकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान में रखी मशीनें और अन्य सामान टूट गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारण पूर्वी बाईपास पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू की और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Next Post

दीपिका पादुकोण की वायरल इंस्टाग्राम स्टोरी पर छिड़ा विवाद, सोनम वांगचुक के समर्थन और पोस्ट डिलीट करने के दावों का जानें सच

Thu Jul 16 , 2026
मुंबई, हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एक्स और रेडिट पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की एक इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। इस स्क्रीनशॉट में दीपिका को कथित तौर पर शिक्षाविद सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते […]

You May Like