दतिया/ग्वालियर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने दतिया के होटल रतन रॉयल में दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक को संबोधित किया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया का यह उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने कार्यकर्ता जुट जाएं। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को अपनी जिम्मेदारी मानकर पूरी निष्ठा और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करे तथा हर बूथ पर अधिक से अधिक मतों की बढ़त का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरें। इस दौरान मंच पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव एवं जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की एकजुटता, बूथ स्तर की प्रभावी कार्ययोजना और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भाजपा दतिया उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेगी। बैठक में जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी व मंडल महामंत्री उपस्थित रहे।
