सीएसआर से खेतों तक पहुंचे अनुसंधान, कृषि में बढ़े नवाचार और महिला उद्यमिता : शिवराज

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उद्योग जगत से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और नवाचार को सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश हमें सब कुछ देता है, इसलिए हमें भी देश को कुछ देना सीखना चाहिए।

श्री चौहान ने बुधवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के ट्रस्टीशिप सिद्धांत का उल्लेख किया और कहा कि उद्योगों और कंपनियों को अपनी आय का एक हिस्सा समाज, किसानों और कृषि विकास के लिए समर्पित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच संसाधन छीनने की नहीं बल्कि उद्यमिता को बढ़ावा देने की है ताकि उद्योग समृद्ध हों और उनकी सामाजिक भागीदारी से गांव, किसान और कृषि अनुसंधान को नई ताकत मिले।

उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि ‘विज्ञान से किसान तक’ की अवधारणा को तेजी से लागू करने की आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन के दौर में जलवायु-अनुकूल खेती, मृदा स्वास्थ्य, पोषण सुरक्षा, नई किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीकों और एग्रीटेक नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने में कॉर्पोरेट क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने जूट क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि नई तकनीकों के व्यावसायीकरण से किसानों की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी।

श्री चौहान ने सीएसआर के माध्यम से एग्रीटेक स्टार्टअप, ड्रोन तकनीक, कौशल विकास, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि उद्यमिता, महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को विशेष सहयोग देने का आग्रह किया और कहा कि ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कृषि और एग्री-बिजनेस से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने उद्योग जगत से सीएसआर को केवल कानूनी दायित्व नहीं बल्कि समाज के प्रति नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए कृषि और ग्रामीण विकास में अधिक निवेश करने की अपील की। उनका कहना था कि इससे किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी।

 

 

Next Post

आयुष्मान कार्ड विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य रक्षा योजना है: उप मुख्यमंत्री

Wed Jul 15 , 2026
रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो भोपाल द्वारा होटल राजविलास में आयोजित पत्रकारों से संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं. गरीबों के कल्याण की योजनाओं तथा विकास कार्यों को आमजनता तक पहुंचाने में पत्रकारों […]

You May Like