संस्था प्रमुखों की मनमानी से दर्जनों अतिथि शिक्षकों की नहीं हुई रि-ज्वाइनिंग

सीधी। नए शैक्षणिक सत्र में पुराने अतिथि शिक्षकों को हटाने के लिए संस्था प्रमुखों द्वारा तरह-तरह के हथकंडे अपनाए गए। लिहाजा दर्जनों अतिथि शिक्षकों की रि-ज्वाइनिंग नहीं हो सकी। रि-ज्वाइनिंग न होने से पीडि़त अतिथि शिक्षकों द्वारा संकुल से लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी समेत कलेक्टर को भी आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई गई।

तत्संबंध में पीडि़त अतिथि शिक्षकों का कहना है कि संस्था प्रमुखों द्वारा आवश्यकतानुसार पदों को अपडेट न करने के कारण उनकी रिक्वेस्ट सेंड नहीं हो पाई। वहीं स्थानांतरण से आए नियमित शिक्षकों के चलते भी कई पुराने अतिथि शिक्षकों की रि-ज्वाइनिंग नहीं हो सकी। तत्संबंध में तहसील सिहावल अंतर्गत पहाड़ी निवासी अतिथि शिक्षक श्रीमती प्रिया मिश्रा ने बताया कि विगत वर्ष 2022-23 से शापूमावि मुर्दाडीह संकुल केन्द्र पीएमश्री शाउमावि संकुल केन्द्र हटवा खास में वह अतिथि शिक्षक वर्ग 3 के पद पर वर्ष 2022-23 से वर्ष 2025-26 तक कार्यरत थीं। किन्तु वर्ष 2026-27 में पोर्टल में रिक्त स्थान केवल दो ही प्रदर्शित थे। जिसमें दो अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति वर्ग 3 में करा ली गई। जबकि छात्र संख्या अनुसार एवं एईओ वाइज विद्यालय में 3 वैकेंसी हैं। सत्र 2025-26 में श्रीनाथ तिवारी की पदस्थापना शामावि कुर्रवाह से शापूमावि मुर्दाडीह में स्थानांतरण से हो गई थी। किन्तु श्रीनाथ तिवारी द्वारा उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश हासिल कर फिर से कुर्रवाह विद्यालय में ज्वाइन कर लिया गया। लेकिन मुर्दाडीह विद्यालय के पोर्टल में श्रीनाथ तिवारी की पदस्थापना आज भी प्रदर्शित हो रही है। जिसके कारण उनकी रि-ज्वाइनिंग नहीं हो पाई।

००

सुनियोजित तरीके से रोकी गई रि-ज्वाइनिंग: प्रिया

शापूमावि मुर्दाडीह की अतिथि शिक्षक श्रीमती प्रिया मिश्रा ने कहा है कि उनकी रि-ज्वाइनिंग इस वर्ष सुनियोजित तरीके से रोकी गई। पोर्टल में पद अपडेट न होने पर उनके द्वारा संस्था प्रमुख, संकुल प्राचार्य, बीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी तक शिकायत लिखित रूप में की गई। जिस पर उन्हें जल्द पद अपडेट कराने का आश्वासन दिया जाता रहा। यह कहा जा रहा था कि 11 जुलाई तक रि-ज्वाइनिंग हो जाएगी। जब कुछ नहीं हुआ तो जिला शिक्षा अधिकारी के यहां 13 जुलाई को फिर से आवेदन दिया गया। जिस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। उनका आरोप है कि स्थानांतरित शिक्षक श्रीनाथ तिवारी को हाईकोर्ट से स्टे मिलने पर वह कुर्रवाह विद्यालय में पदस्थ हो चुके हैं फिर भी महीनो बाद उक्त पद को मुर्दाडीह विद्यालय में अपडेट कराने की जरूरत नहीं समझी गई।

००

इनका कहना है

विद्यालय के लिए स्थानांतरित शिक्षक श्रीनाथ तिवारी को हाईकोर्ट से स्टे मिलने पर वह अपने पुराने विद्यालय कुर्रवाह में कार्य कर रहे हैं। फिर भी उनके विद्यालय के रिक्त पद पर उनका नाम अब भी पोर्टल में दर्ज है। उक्त सुधार के लिए उनके द्वारा वरिष्ट कार्यालयों से पत्राचार किया गया है। उम्मीद है कि डीपीआई से जल्द निराकरण होगा।

सुखनंदन प्रजापति, प्रधानाध्यापक शापूमावि मुर्दाडीह

००००००००००००

Next Post

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित- विश्वामित्र पाठक 

Tue Jul 14 , 2026
सीधी।सिहावल विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागवन, बिजली,पानी एवं अधोसंरचना विकास सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।सभी क्षेत्रों में एवं सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।उक्त आशय के विचार क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक ने विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत पतुलखी,नकझरकला एवं […]

You May Like