
दमोह शहर स्थित श्री देव जगन्नाथ स्वामी मंदिर, पुराना थाना की आस्था और इतिहास 153 साल पुराना है। मंदिर की स्थापना सन् 1872 में महंत अजब दास जी द्वारा की गई थी। जिले का यह सबसे प्राचीन जगन्नाथ स्वामी मंदिर आज भी भक्तों की श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
मंदिर में सन् 1873 से रथयात्रा यानी रथ दूज की परम्परा सुचारू रूप से चली आ रही है। परिसर में विराजमान श्री हनुमान जी महाराज का विग्रह भी अति प्राचीन है, मान्यता है कि वे भक्तों के सभी प्रकार के कष्टों का हरण करते हैं।
मंदिर समिति द्वारा जानकारी दी गई कि मंदिर में कल 15 जुलाई को विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 16 जुलाई दोपहर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकाली जाएगी।रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से भंडारे और रथयात्रा में सहभागिता करने की अपील की है।
