नकली डीएपी खाद की खेप पकड़ाई, 22 बोरियां जब्त

जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत गाड़ाघाट में एक घर में कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए इफको कंपनी के नाम की 22 बोरी अवैध नकली डीएपी जब्त की है। मामले में पुुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।जानकारी के अनुसार ग्राम धनेटा के कृषक दुर्गेश सिंह ठाकुर ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मानवेन्द्र सिंह राजपूत को शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम गाड़ाघाट, विकासखंड पाटन में अवैध रूप से नकली डीएपी खाद रखी हुई है।

शिकायत मिलते ही नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी एवं पटवारी सत्येन्द्र चौरसिया तुरंत जांच के लिए ग्राम गाड़ाघाट पहुंचे। वहां अवैध नकली डीएपी पाए जाने पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी को सूचित किया गया। इसके बाद उर्वरक निरीक्षक पाटन पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पाटन सीमा राउत की टीम ने तत्काल गाड़ाघाट में प्रकाश बर्मन पिता दयाशंकर बर्मन के घर पर छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान प्रकाश बर्मन के घर से इफको कंपनी के नाम की 22 बोरी अवैध नकली डीएपी रखी पाई गई। टीम द्वारा मौके पर ही स्थल पंचनामा और जब्ती की कार्रवाई की गई। जब्त की गई सभी 22 बोरियों को थाना प्रभारी पाटन के सब इंस्पेक्टर आकाशदीप साहू के सुपुर्द कर थाना पाटन में जमा कराया गया है। इफ्को कंपनी के उप प्रबंधक ने थाना पहुचकर बोरी का निरीक्षण कर अपने लिखित प्रतिवेदन में बताया की पायी गई डीएपी की बोरी की सिलाई सफेद रंग के धागे से है, जबकि इफ्को द्वारा हरे रंग का धागा उपयोग किया जाता है।

इससे यह प्रतीत होता है की यह डीएपी के बैग इफ्को कंपनी के नहीं है । उर्वरक निरीक्षक पंकज कुमार श्रीवास्तव द्वारा पाई गई डीएपी की बोरियों से नमूने लेकर उर्वरक जांच प्रयोगशाला में भेजा गया। परीक्षण में नाइट्रोजन 0.5 प्रतिशत एवं फास्पोरस 0.5 प्रतिशत पाया गया, जबकि डीएपी खाद में 18 प्रतिशत नाइट्रोजन एवं 46 प्रतिशत फास्पोरस होता है। इस मामले में आरोपी प्रकाश बर्मन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई ।

Next Post

कहीं भी कचरा डंप नहीं होना चाहिए: कलेक्टर

Tue Jul 14 , 2026
जबलपुर: ठोस अपशिष्ट पदार्थों के परिवहन में लगे वाहनों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य के लिए किसी भी पुराने वाहन का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा कचरे का निष्पादन केवल निर्धारित डंपिंग साइटों पर ही किया जाए और कहीं भी कचरा डंप नहीं […]

You May Like