रीवा: शहर के चोरहटा थाना अन्तर्गत रीवा-मुकुन्दपुर मार्ग मेें रिमारी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सुबह 11 बजे मोटर साइकल सवार को ठोकर मार दी और एक अधेड़ को कुचल दिया. जिसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगो ने ट्रक चालक को पकड़ कर धुनाई की और ट्रक में जमकर तोडफ़ोड़ की. इसके बाद सडक़ पर जाम लगा दिया. मौके पर चोरहटा एवं सिविल लाइन पुलिस पहुंची, समझाइश के दो घंटे बाद दोपहर 2.30 बजे जाम खोला गया. परिजन कार्यवाही की मांग पर अड़े थे.
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि ग्राम बेलहा तमरा निवासी गंगा प्रसाद साहू आज सुबह मोटर साइकिल से रीवा की ओर आ रहे थे तभी गोविंदगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी. जिसके बाद गंगा प्रसाद चालक को पकडऩे ट्रक में चढ़ गये. लेकिन आरोपी चालक ने ट्रक को नही रोका. काफी दूर तक मृतक और चालक के बीच हाथापाई होती रही. इसी दौरान सामने से एक ट्रक आ गया तो आरोपी चालक ने ट्रक को सटा दिया. जिससे गंगा साहू नीचे गिरे और ऊपर से ट्रक चढ़ गया, मौके पर ही मौत हो गई.
पहले से ही पीछा कर रहे स्थानीय लोगो ने ट्रक चालक को पकड़ कर जमकर धुनाई कर दी और ट्रक में भी तोडफ़ोड़ की. इसके बाद सडक़ पर शव रखकर परिजन और स्थानीय ग्रामीण धरने पर बैठ गये. दोपहर ढ़ाई बजे तक सडक़ पर जाम लगाकर परिजन बैठे रहे. चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला समझाते रहे. इसके बाद सिविल लाइन पुलिस का बल भी पहुंचा और मृतक के दोनो बेटों को कार्यवाही का आश्वासन देते हुए समझाइश दी गई. लेकिन बेटों का कहना था कि आरोपी चालक और ट्रक को उनके सामने लाया जाय. शव को एम्बुलेंस में रखने के बाद जैसे ही गाड़ी आगे बढ़ी दोनो बेटों ने रोक लिया. किसी तरह समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और शव को संजय गांधी अस्पताल भेजा गया. वही चालक को पकड़ कर थाने ले जाया गया, जहा प्रकरण दर्ज किया गया.
आरोपी चालक गिरफ्तार: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी चोरहटा पवन शुक्ला ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही शव को पीएम के लिये संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है. तीन घंटे तक जाम लगा रहा, समझाइश के बाद परिजन मान गये. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर ट्रक को जप्त किया गया है.
