इंडिगो, अकॉर के ग्राहक दोनों जगह भुना सकेंगे अपने लॉयल्टी प्वांइट्स

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो और वैश्विक आतिथ्य कंपनी अकॉर के ग्राहक अपने लॉयल्टी प्वाइंट दोनों जगह बुकिंग के लिए भुना सकेंगे। दोनों कंपनियों के लॉयल्टी प्रोग्राम ने इसके लिए सोमवार को एक समझौता किया। इंडिगो ब्लूचिप और बुकिंग प्लेटफॉर्म ऑल अकॉर के बीच हुए इस समझौते के तहत दोनों लॉयल्टी प्रोग्राम के सदस्य अपने लॉयल्टी पॉइंट्स का पारस्परिक आदान-प्रदान कर सकेंगे। अब सदस्य होटल में ठहरने या हवाई यात्रा सेवाओं के लिए दोनों साझेदारों के ऑफरों के तहत रिवॉर्ड पॉइंट्स कमा या भुना सकेंगे। देश में पहली बार इस तरह का कोई समझौता किया गया है।

इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने यहां एक कार्यक्रम में इस समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि आजकल यात्री पूरी को एक साथ देखते हैं। इंडिगो के बढ़ते नेटवर्क और ऑल अकॉर की वैश्विक उपस्थिति ग्राहकों के अनुभव को पहले से कहीं बेहतर बनायेगी। ऑल अकॉर रिवार्ड प्वाइंट्स को आसानी से इंडिगो ब्लूचिप्स में और इंडिगो ब्लूचिप्स को ऑल अकॉर रिवार्ड प्वाइंट्स में परिवर्तित किया जा सकेगा।

इंडिगो के चीफ डिजिटल एवं इंफॉर्मेशन ऑफिसर, श्री नीतन चोपड़ा ने कहा कि आज के यात्रा विमान सफर और होटल में ठहराव को अलग-अलग नहीं देखते। वे इसे एकीकृत यात्रा का अंग मानते हैं। इसलिए, लॉयल्टी प्रोग्राम एयरपोर्ट पर उतरने के साथ समाप्त नहीं होना चाहिये और न ही होटल में चेक-इन के समय शुरू होना चाहिये।

दक्षिण एशिया के लिए अकॉर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रंजू एलेक्स ने कहा कि लोग अपनी यात्रा के लिए आद्यांत समाधान चाहते हैं और यह समझौता उसी कमी की भरपाई करता है। ऑल अकॉर और इंडिगो ब्लूचिप की क्षमताओं को एकीकृत कर हम केवल सुविधा ही नहीं बढ़ा रहे, बल्कि यह भी बदल रहे हैं कि यात्री आतिथ्य और विमानन सेवाओं के साथ किस प्रकार जुड़ते हैं।

.....

Next Post

शासकीय भूमि पर स्टे से बढ़ा विवाद

Mon Jul 13 , 2026
सिंगरौली : चितरंगी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बिरकुनिया में निर्माणाधीन कॉमन सर्विस सेंटर पर तहसीलदार न्यायालय दुधमनिया द्वारा जारी अस्थायी स्थगन आदेश अब विवादों के घेरे में आ गया है।शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिरकुनया के प्रधानाध्यापक के आवेदन पर तहसीलदार ने 6 जुलाई को म.प्र. भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा […]

You May Like