लंदन, 13 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा है कि बोर्ड, टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में काम करने की अनुमति देने पर विचार कर सकता है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि ब्रैंडन मक्कलम उत्तराधिकारी के लिए “लक्षित चयन प्रक्रिया” तुरंत शुरू की जाएगी। गोल्ड ने कहा कि उनके पास पहले से ही छह से दस नामों की शॉर्टलिस्ट है। हालांकि उन्होंने किसी भी नाम की पुष्टि या खंडन करने से इनकार किया। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कोई उम्मीदवार आईपीएल में भी काम जारी रखना चाहता है, तो केवल इसी वजह से उसे दौड़ से बाहर नहीं किया जाएगा।
गोल्ड ने कहा, “हमें इन मामलों में प्रगतिशील होना होगा। हमारे खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट, फ्रैंचाइजी क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कार्यक्रम काफ़ी व्यस्त है। हो सकता है कि हमारे कोचिंग और सहयोगी स्टाफ़ के साथ भी हमें ऐसा ही करना पड़े। कुछ हद तक हम पहले से ऐसा कर भी रहे हैं। लेकिन यह ऐसी चीज़ है, जिस पर हमें विचार करना होगा। एक मुश्किल यह है कि आईपीएल की तारीखे़ं तय नहीं रहतीं और हमें कुछ समझौते करने पड़ सकते हैं। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि हमारे पास सबसे उपयुक्त और सर्वश्रेष्ठ लोग हों और हम उन्हें इन भूमिकाओं में ला सकें। यह निश्चित रूप से ऐसा विकल्प है जिस पर हम विचार करेंगे।”
गोल्ड के इस विचार से ऐंडी फ्लॉवर के दोबारा यह जिम्मेदारी संभालने का रास्ता खुल सकता है और वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ अपनी भूमिका जारी रख सकेंगे। फ्लवर ने 2009 से 2014 के बीच इंग्लैंड की टेस्ट टीम के सबसे सफल दौर की अगुवाई की थी। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बना था और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया व भारत दोनों जगहों पर टेस्ट सीरीज़ जीते थे। इसके बाद वह फ्रैंचाइजी क्रिकेट के सबसे सफल कोचों में शामिल हुए। उन्होंने आरसीबी को लगातार दो आईपीएल खिताब जिताए हैं और इस महीने के आख़िर में द हंड्रेड में लंदन स्पिरिट के कोच भी होंगे।
ग़ौरतलब है कि रविवार को ईसीबी ने ब्रेंडन मक्कलम को इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच के पद से हटा दिया, हालांकि वह सीमित ओवर टीमों के कोच बने रहेंगे। ईसीबी ने इस सप्ताह फ़ैसला किया कि मक्कलम को पद से हटाया जाए और शनिवार सुबह, भारत के ख़िलाफ़ पांचवें टी-20 से पहले, उन्हें इस फैसले की जानकारी दे दी गई थी। मक्कलम ने टेस्ट कोच बनने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की अपनी भूमिका छोड़ दी थी। हालांकि इंग्लैंड के कुछ सहयोगी स्टाफ़ पहले भी टी-20 टीमों और राष्ट्रीय दोनों टीमों के साथ एक साथ काम करते रहे हैं। टिम साउदी ऐशेज़ दौरे के दौरान एक मैच के बाद आईएलटी 20 खेलने चले गए थे, जबकि कई विश्लेषक, फ़िजियो और टीम मैनेजर वेन बेंटले भी आईपीएल में इंग्लैंड की ज़िम्मेदारियों के साथ काम कर चुके हैं।

