भोपाल: आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में मध्यप्रदेश को तकनीक और निवेश के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ करते हुए कहा कि बदलते दौर में भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और मध्यप्रदेश भी ड्रोन, डिफेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
कॉन्क्लेव के दौरान करीब 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश और 35 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का लक्ष्य रखा गया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 20 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण किया गया, वहीं गूगल प्ले और एमपीएसईडीसी के बीच महत्वपूर्ण एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ। इसके अलावा कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए लेटर ऑफ अलॉटमेंट सौंपे गए।
सरकार का कहना है कि इंदौर और भोपाल में नए आईटी पार्क, डेटा सेंटर और हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार और करियर के नए अवसर मिलेंगे। यह कॉन्क्लेव मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख टेक्नोलॉजी और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
