
सिंगरौली । जिले में नि:शुल्क 108 एम्बुलेंस वाहनों की हालत दिनों दिन खस्ता होती जा रही है। आलम यह है कि दर्जन भर 108 एम्बुलेंस वाहन बैढ़न-सीधी गैराज में मरम्मत के इंतजार में खड़ी है। वहीं इवेंट के नाम पर व्यापक गड़बड़झाला किये जाने की भी चर्चाएं जोर-शोर से की जाने लगी है।
गौरतलब है कि जिले में 108 एम्बुलेंस वाहनों की संख्या करीब तीन दर्जन है और 108 एम्बुलेंस वाहन चलाने का जिम्मा जय अम्बे इमरजेंसी सर्विस सेवा को प्रदेश सरकार के द्वारा सौपा गया है। किंतु आरोप लगाया जा रहा है कि अधिकांश इमरजेंसी 108 एम्बुलेंस वाहन मरम्मत के अभाव में रास्ते में ही मरीजो को लाते समय जवाब दे दे रहे हंै। आलम यह है कि करीब तीन दर्जन 108 एम्बुलेंस वाहनों में से एक दर्जन से अधिक खराब है और उक्त वाहनों के खराब होने की समस्या आज से नही कई महीनो से है, जिसकी जानकारी कंपनी के भोपाल में बैठे स्टाफ एवं जिला प्रबंधक को भी भलीभांति है। इसके बावजूद वाहनों का समुचित तरीके से मरम्मत एवं रखरखाव नही किये जाने से मरीजो को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। इतना ही नही आये दिन शिकायते मिलती रहती हैं कि कॉल करने के बावजूद 108 एम्बुलेंस वाहन समय पर नही पहुंच पाती। आरोप लगाया जा रहा है कि उक्त वाहनों के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनजान बन कर बैठे हुये हैं। जिसमें उनकी भूमिका को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े किये जा रहे हैं। फिलहाल जिले के नि:शुल्क इमरजेंसी 108 एम्बुलेंस वाहनों के खस्ताहाल होने और इवेंट के बाद भी समय पर नही पहुंचने पर प्रदेश सरकार की योजना पर विपक्षी दल कांग्रेसी भी तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं।
शिकायतो का नही होता कोई असर
एम्बुलेंस वाहन 108 के खराब एवं खस्ताहाल होने की शिकायत भी लगातार सामने आती रहती हैं। परंतु जिले में बैठे उक्त कंपनी के कर्ताधर्ता मौन धारण कर लेते हैं, जिसके कारण उक्त एम्बुलेंस वाहन आये दिन रास्ते में ही जवाब देने लगते हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि यह सोची-समझी रणनीति के तहत कंपनी के कर्ताधर्ता कर रहे हैं। इसके पीछे एक नही अनेक कारण बताए जा रहे हैं। जिले की नि:शुल्क एम्बुलेंस 108 वाहन सेवा के खस्ताहाल को लेकर अब लोगबाग भी सवालों के घेरे में खड़ा कर रहे हंै। कहा जा रहा है कि पहले तो सब कुछ ठीकठाक था, योजना अच्छी है, परंतु अब प्रदेश सरकार की इस ओर दिलचस्पी ज्यादा नही दिख रही है।
करामी का वाहन बैढ़न से परिचालन
सूत्रों के मुताबिक 108 एम्बुलेंस वाहन बैढ़न विकासखंड के करामी में तैनात किया गया था, लेकिन इसका संचालन बैढ़न से किया जा रहा है, जिसके बारे में जिला कार्यक्रम प्रबंधक भलीभांति है। चर्चाएं हैं कि उन्ही के इशारे पर इस तरह का खेला हो रहा है। चर्चाएं की जा रही हैं कि यहां बैढ़न में उक्त वाहन को खड़ा कराने के पीछे मक्सद डीजल में खेला है। करामी क्षेत्र से इवेंट आने के बाद उक्त वाहन बैढ़न से रवाना होता है। इस तरह का गड़बड़झाला कई महीनो से किया जा रहा है। जिससे शासन को आर्थिक क्षति भी पहुंचाई जा रही है और ऐसे में मरीजो को त्वरित वाहन नही मिल पाता। यदि उक्त वाहन हमेशा करामी में तैनात रहे तो मरीजो को परेशान नही होना पड़ेगा।
