भोपाल, 09 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा (अजजा) विधानसभा पर उपचुनाव के तहत कल कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अमरवाड़ा विधानसभा के लिए कल मतदान होगा। यहां से नौ अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। मतगणना शनिवार 13 जुलाई को होगी। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं की सुविधा के लिये कल मतदान दिवस को सार्वजनिक तथा सामान्य अवकाश रहेगा।
भारतीय जनता पार्टी ने यहां से कमलेश शाह को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के धीरन शाह से होने वाला है। पिछले विधानसभा चुनाव में श्री कमलेश शाह ने यहां से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल की थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा से विधायक के तौर पर भी त्यागपत्र दे दिया। इसी के चलते यहां उपचुनाव हो रहा है।
ये क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन हाल ही में लोकसभा चुनाव में भाजपा के विवेक साहू ने यहां से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी और श्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को पराजित कर ये संसदीय सीट भाजपा के नाम कर दी। ऐसे में अब कांग्रेस इस विधानसभा सीट को एक बार फिर अपने कब्जे में लाने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।