सिंगरौली/सरई: जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्व विभाग ने सरई तहसील क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। आधी रात सुखाड़ नाला, मुड़ीदह-ठरकठेला मार्ग पर छापेमारी के दौरान टीम ने बिना वैध दस्तावेज के रेत का परिवहन कर रही एक महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
राजस्व अधिकारियों के अनुसार वाहन में रेत भरी हुई थी, लेकिन चालक परिवहन से संबंधित कोई वैध अभिवहन पास या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का लाभ उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद राजस्व अमले ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस थाना सरई में खड़ा करा दिया।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब्त वाहन के विरुद्ध खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
