नौ और 10 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अनुमान, प्रशासन मुस्तैद

देहरादून, 08 जुलाई (वार्ता) नौ और 10 जुलाई को उत्तराखंड के कई जिलों में गर्जन व बिजली चमकने के साथ भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।

मौसम के इस तल्ख रुख को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने और सतर्कता बरतने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘येलो अलर्ट’ रखा गया है।

इसके बाद शुक्रवार को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में ‘येलो अलर्ट’ प्रभावी रहेगा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, राहत व बचाव दलों को ‘अलर्ट मोड’ पर रखने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के बीच परस्पर समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही भूस्खलन व बारिश से प्रभावित होने वाले मुख्य सड़क मार्गों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। जिला सूचना अधिकारियों को मौसम की चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग विशेष रूप से पर्वतीय तथा भूस्खलन के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों और बरसाती गधेरों (पहाड़ी नालों) के समीप न जायें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को पूरे सप्ताह चौबीसों घंटे मुस्तैद रहते हुए जरूरी संसाधनों व मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

 

Next Post

चोट के कारण प्रतिका रावल लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर

Wed Jul 8 , 2026
लंदन, 08 जुलाई (वार्ता) लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ़ ऐतिहासिक वन-ऑफ़ टेस्ट से पहले भारत को एक झटका लगा है क्योंकि प्रतिका रावल इस मैच से बाहर हो गई हैं। दूसरे वनडे मैच के दौरान रावल के घुटने पर कट लग गया था और इस वजह से वह सीरीज़ के […]

You May Like