
छतरपुर। किशनगढ़ थाना पुलिस ने गुमशुदगी के मामले की जांच करते हुए एक अंधे कत्ल का खुलासा कर मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची और उसे जंगल में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान पन्ना जिले के नारायणपुरा निवासी संजय मिश्रा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई को संजय मिश्रा की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद तलाश शुरू की गई। सर्च अभियान के दौरान अमानगंज रोड स्थित निर्माणाधीन पुल के पास जंगल से उनका शव बरामद हुआ। घटनास्थल के पास मृतक की मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी अनीता मिश्रा के कथित रूप से विनोद यादव से संबंध थे। इसी के चलते अनीता ने विनोद यादव और उसके साथी सतीश यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी बिजावर अजय रिठौरिया के मार्गदर्शन में किशनगढ़ थाना पुलिस ने की।
