
छिंदवाड़ा. जनजातीय कार्य विभाग ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले दो प्राथमिक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है वहीं एक प्रचार्य पर कार्यवाही प्रस्तावित की है. सहायक आयुक्त सतेन्द्र सिंह मरकाम द्वारा विकासखंड हर्रई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलक में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक प्रभारी प्राचार्य सेजराम भलावी के द्वारा अतिथि शिक्षक चयन प्रकिया में विज्ञापन जारी नहीं किया जाकर अतिथि शिक्षक की व्यवस्था की गई व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलक में कार्यरत अतिथि शिक्षक शकील अहमद खान माह जुलाई 2025 व बटकाखापा में स्टॉफ – शिक्षको के कथन अनुसार माह अगस्त से दिसंबर 2025 तक विद्यालय में उपस्थित नहीं रहे है, जबकि उपस्थिति पंजी में इनके हस्ताक्षर पाये गये एवं वेतन भी आहरित किया गया। उक्त संबंध में कार्यालय के पत्र 01 मई 2026 के द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। उक्त कारण बताओ सूचना पत्र का जवाब संतोषजनक नही पाया गया। इसलिए प्रभारी प्राचार्य श्री भलावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया बया है। निलंबन अवधि में प्राथमिक शिक्षक प्रभारी प्राचार्य श्री भलावी का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी तामिया नियत किया गया है।
बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने हुई कार्यवाही ०००००
हर्रई की प्राथमिक शाला बोरपानी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती अंजना सर्वे की ग्रामीणों द्वारा सीएम हेल्पलाईन में की गई शिकायत की जांच में दोषी पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि जिले के जनपद शिक्षा केन्द्र हर्रई विकासखंड स्त्रोत समन्वयक द्वारा अपने पत्र 09 मार्च 2026 द्वारा लेख किया कि प्राथमिक शाला बोरपानी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती अंजना सर्वे के विरूद्ध सी.एम. हेल्पलाइन एवं ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत की जांच की गई। जांच में पाया गया कि प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती अंजना सर्वे द्वारा बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, मध्यान्ह भोजन सही संचालित नहीं किया जाता है, जिसके कारण प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती सर्वे को तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती सर्वे का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिछुआ नियत किया गया है।
वेतन आहरण में मिली थी अनियमित्ताएं ०००००
विकासखंड हर्रई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटकाखापा से संबंधित अतिथि शिक्षक चयन एवं वेतन आहरण में अनियमितता के प्रकरण की जांच कराई गई। प्रकरण की जांच हेतु गठित समिति के प्रतिवेदन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी, हर्रई द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलक में अतिथि शिक्षक का चयन नियमों के विपरीत किए जाने तथा वेतन आहरण किए जाने की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित प्रभारी प्राचार्य श्रीमती समीना खान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त किया गया। प्राप्त जवाब का परीक्षण किए जाने पर वह संतोषजनक नहीं पाया गया। जिसके चलते हर्रई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटकाखापा की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती समीना खान पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित कर प्रकरण आवश्यक कार्रवाई के लिये सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किया गया है।
