इंदौर। नगर निगम ने बारिश के मौसम में संभावित हादसों को रोकने के लिए जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को कलाल कुई मस्जिद के सामने स्थित एक अतिसंवेदनशील और जर्जर भवन को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कुछ दिन पहले इसी भवन का छज्जा गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की थी।
शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने भवन का निरीक्षण किया और उसे खतरनाक श्रेणी में रखते हुए नोटिस जारी किया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुरक्षा इंतजामों के बीच भवन को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
नगर निगम का कहना है कि मानसून के दौरान जर्जर इमारतें लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं। इसी वजह से शहर में चिन्हित सभी खतरनाक भवनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई जर्जर या खतरनाक भवन दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनहानि से बचा जा सके।
