बेंगलुरु, बेंगलुरु के अवलाहल्ली में 11 महीने की एक मासूम बच्ची की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी मां अभी भी फरार है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, 9 जून को घरेलू झगड़े के दौरान दंपति ने अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई की थी। पिता ने पहले इसे बिस्तर से गिरने की दुर्घटना बताया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने इस दावे को पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोले राज
22 जून को सामने आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत इंटरनल ब्लीडिंग और गंभीर चोटों के कारण हुई थी, न कि बिस्तर से गिरने से। रिपोर्ट में बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान भी पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मौत एक्सीडेंटल नहीं थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाहेत्तर संबंधों को लेकर हुए झगड़े के दौरान, गुस्साए माता-पिता ने बच्ची को बुरी तरह प्रताड़ित किया और अंततः उसे बाहर फेंक दिया।
आरोपी मां के वीडियो से मचा हड़कंप
घटना के बाद से फरार चल रही बच्ची की मां ने एक वीडियो जारी कर पुलिस पर कस्टोडियल टॉर्चर का गंभीर आरोप लगाया है। उसका दावा है कि पुलिस ने उसे और उसके परिवार को मारपीट कर झूठा जुर्म कबूलने के लिए मजबूर किया है। वहीं, अवलाहल्ली पुलिस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे गिरफ्तारी से बचने की एक चाल बताया है। फिलहाल पुलिस टीम फरार महिला की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

