
नीमच। जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए नीमच पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 121 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जबकि एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं अन्य कानूनों के तहत कुल 17 प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। सबसे बड़ी सफलता पुलिस थाना जावद एवं सिंगोली को मिली, जहां अलग-अलग कार्रवाई में 130 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया। अभियान में समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की निगरानी, होटल-लॉज एवं ढाबों की जांच तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों की विशेष चेकिंग की।
121 वारंट तामील, फरार अपराधियों पर शिकंजा
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 121 वारंटों का निष्पादन किया। इनमें 40 स्थायी वारंट तथा 81 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी, शरीर संबंधी अपराधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के आरोपी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जावद और सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता
नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना जावद ने एक मारुति अर्टिगा कार से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा 60 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं सिंगोली थाना पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार से 70 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 130 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
180 से अधिक वाहनों की जांच, 52 चालान
अभियान के दौरान जिले में 12 संयुक्त चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए। पुलिस ने 180 से अधिक वाहनों की जांच की तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों के चालान बनाकर 23,600 रुपये का समन शुल्क वसूला। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के 53 होटल, लॉज एवं ढाबों की औचक जांच की गई। संचालकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के आने की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
आबकारी और सट्टा एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर लगभग 68 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 8,700 रुपये बताई गई। वहीं सट्टा एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज कर 730 रुपये नकद बरामद किए गए।
निगरानी बदमाशों और जिला बदर अपराधियों की जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 112 निगरानी बदमाशों एवं गुंडों तथा 4 जिला बदर अपराधियों की विशेष जांच की। उनके निवास, उपस्थिति एवं आजीविका संबंधी जानकारी का सत्यापन किया गया। इसके अलावा महिला अपराधों में संलिप्त 4 आदतन अपराधियों की भी विशेष निगरानी कर उनका रिकॉर्ड अपडेट किया गया।
56 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस ने 56 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। साथ ही देर रात धार्मिक स्थलों, बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
अपराधियों पर आगे भी जारी रहेगा शिकंजा
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और अवैध गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
